गुलाम नबी आजाद के कांग्रेस से इस्तीफे और बयान पर भड़के सीएम अशोक गहलोत

गहलोत ने कहा कि संजय गांधी के वक्त में गुलाम नबी आजाद साहब से लगाकर जो-जो संजय गांधी के साथ थे, वो चापलूस ही माने जाते थे, लेकिन संजय गांधी ने परवाह नहीं की, तब जाकर आजाद साहब इतने बड़े नेता बने।

Aug 27, 2022 - 03:17
 0
गुलाम नबी आजाद के कांग्रेस से इस्तीफे और बयान पर भड़के सीएम अशोक गहलोत
गुलाम नबी आजाद के कांग्रेस से इस्तीफे और बयान पर भड़के सीएम अशोक गहलोत

गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस छोड़ दी है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नाम 5 पेज का पत्र जारी किया है। जिसमें उन्होंने राहुल गांधी को निशाने पर लिया है। उन्होंने यहां तक कहा कि पार्टी में चापलूसों की संख्या बढ़ गई है। उनके इस बयान पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने करारा जवाब दिया है।

गहलोत ने कहा कि संजय गांधी के वक्त में गुलाम नबी आजाद साहब से लगाकर जो-जो संजय गांधी के साथ थे, वो चापलूस ही माने जाते थे, लेकिन संजय गांधी ने परवाह नहीं की, तब जाकर आजाद साहब इतने बड़े नेता बने। अगर संजय गांधी उस वक्त चापलूसी के आरोपों पर नबी को हटा देते तो उनका नाम देश में कोई नहीं जानता। उनकी ये टिप्पणियां उचित नहीं कही जा सकती है।गहलोत ने कहा कि पहले सोनिया गांधी बीमार थीं, तब भी गुलाम नबी ने पत्र लिखा तो लोगों ने अन्यथा लिया कि जब हमारी नेता बीमार हैं, उस वक्त पत्र क्यों लिखा गया ?

अब वो जब चेकअप के लिए अमरीका गई हैं। उस वक्त पत्र लिखकर आप क्या संदेश देना चाहते हो। ये बड़ी संवेदनशील बात मैं कह रहा हूं। सोनिया गांधी ने कांग्रेस को बचाकर रखा। आज वो गई हैं चेकअप के लिए अमेरिका और आप पत्र साझा कर रहे हो, यह मानव स्वभाव के खिलाफ है। मैं खुद सदमे में हूं कि 42 साल बिना पद के जो व्यक्ति नहीं रहा हो, वो ये मैसेज दे रहे हैं जो मेरी समझ के परे है।