Digital ArchiveThis story is part of our historical records. While preserved for reference, some details and facts may have evolved since its original publication 6 months ago.
चिकित्सा मंत्री ने लालसोट में दो पीएचसी भवनों का शिलान्यास किया
Pooja Padiyar Editor
मई 8, 2022 • 10:01 PM 0
प
प्रेस रिलीज़
NEWS CARD
“चिकित्सा मंत्री ने लालसोट में दो पीएचसी भवनों का शिलान्यास किया”
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने शनिवार को दौसा जिले के लालसोट के सोनड़ एवं खटवा गांवों में लगभग 4 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों का शिलान्यास किया। इन केंद्रों का निर्माण लगभग 9 माह में पूरा हो जाएगा। सोनड़ पीएचसी के बनने पर सोनड़ सहित जगनेर, सिंडोली, हेमल्यावास एवं जयपुर-लालसोट मार्ग के राहगीरों तथा खटवा पीएचसी से खटवा, देवली, मिर्जापुरा, लालपुरा, रामपुरा खुर्द एवं आसपास के गांवों के 60 हजार से ज्यादा लोगों को चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।
क्या आप व्हाट्सऐप पर न्यूज़ अपडेट पाना चाहते हैं?
व्हाट्सऐप पर ताज़ा और भरोसेमंद न्यूज़ अपडेट तुरंत पाएं। अभी जुड़ें और हर खबर सबसे पहले पढ़ें।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान का जो सपना देखा था, सरकार उसे सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। दूर-दराज के गांव-ढाणियों तक निःशुल्क इलाज, दवा और जांच की सुविधा सरकार उपलब्ध करवा रही है। सब सेंटर से लेकर मेडिकल कॉलेज तक सुविधाओं में जबरदस्त विस्तार किया गया है। राजस्थान देश का एकमात्र राज्य बना है जो लोगों को निःशुल्क आईपीडी और ओपीडी की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
सोनड़ में पीएचसी भवन के लिए भूमि दान करने वाले काश्तकार कालूराम मीणा एवं कानाराम मीणा तथा खटवा के कैलाश एवं उनके परिवार को धन्यवाद देते हुए चिकित्सा मंत्री ने कहा कि आपके दान को पीढ़ियां याद करेंगी। कार्यक्रम में रामगढ़ पचवारा प्रधान डॉ. कोशल्या मीणा, लालसोट प्रधान नाथू लाल मीणा, बड़वा सरपंच बाबूलाल गुप्ता एवं खटवा सरपंच राम प्रकाश सैनी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
पीएचसी भवन में ये होंगी सुविधाएं
सोनड़ एवं खटवा में बनने वाले पीएचसी भवनों में 10 बेड के महिला एवं पुरुष वार्ड, एक लेबर रूम, ड्रेसिंग रूम, 2ओपीडी एवं 10 अन्य कक्षों की सुविधा होगी।
24 घंटे मिलेंगी इलाज की सुविधा
दोनों गांवों में बनने वाले पीएचसी भवनों में डाक्टर एवं नर्सिंग स्टाफ के लिए क्वार्टर की सुविधा भी होगी ताकि चिकित्साकर्मी वहां 24 घंटे उपलब्ध रहें और लोगों को हर समय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो।
सोनड़ में विकास कार्यों के लिए 29 लाख स्वीकृत
मंत्री परसादी लाल मीणा ने सोनड़ में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा कक्षों के निर्माण के लिए 15 लाख रुपए, बैरवा ढाणी तथा बाढ़ बड़वा में सामुदायिक केंद्रों के निर्माण के लिए सात-सात लाख रुपए की राशि विधायक कोष से स्वीकृत की।
historyThis is an archived post. The information provided may be outdated.