जयपुर। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में आयोजित 11वीं राष्ट्रीय आइस स्टॉक चैंपियनशिप में जयपुर की ट्रांसजेंडर खिलाड़ी नंदिनी सिंधी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 22 से अधिक राज्यों के प्रतिभागियों ने भाग लिया।
राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए नंदिनी ने यह मेडल जीते और अपने इस सफर का श्रेय एमसके पंकज को दिया, जिन्होंने ट्रांसजेंडर समुदाय को इस खेल से परिचित करवाया और हर क्षेत्र में उनका सहयोग किया।
नंदिनी ने अपने समर्थन के लिए महामंडलेश्वर पुष्पा माई, कोच मनीष भाटी, राजस्थान की जनरल सेक्रेटरी एवं ए सिस्टम भारत इंडियन फेडरेशन की वाइस प्रेसिडेंट साक्षी शर्मा और राजस्थान टीम मैनेजर समीर शर्मा का भी आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि ट्रेनिंग से लेकर खेल तक का सफर बेहद रोमांचक रहा और अब उनका अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करना है।